मिस ग्लोरी ऑफ यूनिवर्स में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी मंजू

आगामी 5 फरवरी को बैंकाक में होने वाले मिस ग्लोरी ऑफ यूनिवर्स 2020 प्रतियोगिता में मंजू थापा भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। मंजू थापा का चयन अमन गांधी फिल्म प्रोडक्शन भोपाल द्वारा किया गया है। मिस ग्लोरी ऑफ यूनिवर्स प्रतियोगिता में मंजू थापा अपना जलवा बिखेर कर खिताब जीतने की तैयारी में जुटी हुई है।

प्रतियोगिता में शामिल होने वालों में 16 वर्षीय मंजू थापा सबसे कम उम्र की प्रतिभागी होंगी। मंजू का ननिहाल भारत के सीमावर्ती क्षेत्र नेपाल में है। उसके चचेरा संजय थापा नेपाल के साथ ही भारत के सीमावर्ती क्षेत्र के प्रमुख व्यवसायी हैं। मंजू का जन्म कोलकाता में हुआ था। उनके पिता स्व बल बहादुर थापा कोलकाता एफसीआई में कार्यरत थे। उनके निधन के बाद चार वर्ष पूर्व वह अपने पैतृक घर दार्जिलिंग आ गईं। लेकिन हर वर्ष दो बार वह ननिहाल अनिवार्य रूप से आती हैं। मिस यूनिवर्स जीतने के लिए इन दिनों लगातार मेहनत कर रही हैं। खुद को फिट रखने के लिए रोज दो घंटे जिम कर रही हैं। मंजू थापा ने बताया कि उनका उद्देश्य मिशन फॉर चैरिटी है। उन्हें प्रतियोगिता में सफलता मिलने पर वह अनाथ बच्चों और ओल्ड एज होम में रहने वाली माताओं के लिए काम करेंगी। प्रतियोगिता में भी उनका विषय मिशन फॉर चैरिटी ही है।

पूर्व में कई अवार्ड जीत चुकी हैं मंजू

मंजू थापा पूर्व में भी कई पुरस्कार जीत चुकी हैं। उन्हें 2018 में मिस ग्लोरी ऑफ नार्थ ईस्ट चुना गया था। 2018 में हीं उन्हें मिस टीन रिपब्लिक ऑफ इंडिया का खिताब मिला था। मंजू ने बताया कि भविष्य में बच्चों को नृत्य-संगीत की शिक्षा भी देंगी। लेकिन वह बच्चों से कहना चाहती हैं कि अपनी प्राथमिकता पढ़ाई रखें। मंजू थापा ने बताया कि बैंकाक में आयोजित प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए वह अपनी मां के साथ रवाना होंगी। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में कई देश की प्रतिभागी युवतियां भाग लेंगी। मंजू की तैयारी में उनकी मां भी पूरा सहयोग कर रही हैं। मंजू थापा इन दिनों चैरिटी के काम में भी व्यस्त हैं। उन्होंने शाम सिंह टी गार्डेन में एक वृद्ध महिला के जल चुके घर को बनवाने की जिम्मेदारी ली है। स्कूलों में आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को पाठ्य सामग्री भी उपलब्ध करा रही हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *