शिक्षा जैसा जरूरी स्वच्छता अभियान -राज शेखर जोशी

श्रीनगर (गढ़वाल)सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित पर्यावरण स्वच्छता समारोह में पर्यावरण संरक्षण की जरूरत पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री मंत्री डॉ धन सिंह रावत व विशेष अतिथि आइडिया सेल्यूलर के नेशनल हेड (आईटी आपरेशन) राजशेखर जोशी मौजूद थे।

मुख्य अथिति डॉ धन सिंह रावत ने कहा कि आज पर्यावरण प्रदूषण बड़ी समस्या बनती जा रही है।इससे निबटने के लिए पर्यावरण संरक्षण के प्रयास युद्ध स्तर पर होने चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।

राज शेखर जोशी ने कहा कि शिक्षा जितनी जरूरी है उतना स्वच्छता अभियान भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि आइडिया सेल्युलर ने विद्यालय में कई आधुनिक शौचालयों का निर्माण किया और साक्षरता बढ़ाने के लिए और शिक्षा का स्तर उठाने के लिए कंप्यूटर भी मुहैया कराये। इसके साथ-साथ खेल किट और किताबों का भी वितरण किया गया। उन्होंने आइडिया की सीएसआर पहल और विद्या भारती के उत्तराखंड में शिक्षा के लिए योगदान पर भी बात की। साथ ही छात्रों को साहसी और मेहनती होने के लिए प्रेरित किया।

विद्या भारती के प्रान्त संघठन मंत्री भुवन जी ने पर्यावरण के महत्व पर भी बात की। इस मौके पर वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। मुख्य अथिति समेत सभी लोगों ने वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में डॉ निलय चन्द्र , सत्यप्रकाश बंगवाल, हिम्मत सिंह भंडारी आदि प्रमुख रूप से मौजूद थे।

यहां यह उललेखनीय है कि राज शेखर जोशी आईआईटी रुड़की के स्नातक हैं और उत्तराखंड के मूल निवासी हैं। उन्होंने उत्तराखंड में कई शैक्षिक पहल में योगदान दिया है। इधर, भाजपा नेता अजेंद्र अजय ने श्री जोशी द्वारा आइडिया सेल्युलर के सीएसआर फंड से उत्तराखंड में विभिन्न कार्य कराए जाने को एक सराहनीय पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *