वेंकैया नायडू के उपराष्ट्रपति निर्वाचित होने पर राज्‍यपाल और मुख्‍यमंत्री ने दी बधाई

देहरादून: वेंकैया नायडू देश के 13वें उपराष्ट्रपति बन गए हैं। उन्होंने यूपीए के गोपालकृष्ण गांधी को शिकस्त दी। वेंकैया नायडू के उपराष्‍ट्रपति के लिए निर्वाचित होने पर उत्‍तराखंड के राज्‍यपाल डॉ केके पॉल और मुख्‍यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उन्‍हें बधाई दी।

राज्यपाल डॉ कृष्ण कांत पाल ने उपराष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित होने पर एम वेंकैया नायडू को बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल ने कहा कि श्री नायडू एक अनुभवी सांसद व राजनीतिज्ञ रहे हैं। वे एक कुशल वक्ता हैं और विभिन्न विषयों पर उनकी अच्छी पकड़ है। वे जब केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री थे तो पिछड़े एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए उन्होंने महत्वपूर्ण पहल की। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ऐसी ही महत्वपूर्ण योजना है।

उधर, मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने एम वेंकैया नायडू को भारत के नए उपराष्ट्रपति निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री नायडू के पास सार्वजनिक जीवन का लंबा अनुभव है और अपने राजनैतिक व सामाजिक जीवन में उन्हें सदैव प्रशंसा मिली है।

श्री नायडू ने केंद्रीय मंत्री के रूप में अपनी प्रशासनिक दक्षता सिद्ध की है। मुख्यमंत्री ने श्री नायडू को भारत के उप राष्ट्रपति के रूप में एक सफल और सार्थक कार्यकाल की शुभकामनाएँ भी दी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *