कत्यूरी राजवंश से गोलू देवता का क्या तालूक है जानिये पुरा इतिहास

 

कत्यूरी राजवंश भारत के उत्तराखण्ड राज्य का एक मध्ययुगीन राजवंश था जिनके बारे में में माना जाता है कि वे अयोध्या के शालिवाहन शासक के वंशज हैं और इसलिए वे सूर्यवंशी हैं। तथापि, बहुत से इतिहासकार उन्हें कुनिन्दा शासकों से जोड़ते हैं और खस मूल से भी, जिनका कुमाऊँ क्षेत्र पर ६ठीं से ११वीं सदी तक शासन था।

कत्यूरी राजवंश भी शक वंशावली के माने जाते हैं, जैसे राजा शालिवाहन, को भी शक वंश से माना जाता है। तथापि, बद्री दत्त पाण्डे जैसे इतिहासकारों का मानना है कि कत्यूरी, अयोध्या से आए थे।

उन्होंने अपने राज्य को ‘कूर्माचल’ कहा, अर्थात ‘कूर्म की भूमि’, को भगवान विष्णु का दूसरा अवतार था, जिससे इस स्थान को इसका वर्तमान नाम,कुमाऊँ मिला। कत्युरी राजाका कुलदेवता स्वामीकार्तिकेय (मोहन्याल) नेपालके बोगटान राज्यमे विराजमान है |

गोलू महाराज का मंदिर व उनकी कथा

गोलू चंपावत, कत्युरी वंश के राजा झालुराई के पुत्र थे। राजा झालुराई अपने राज्य के न्याय प्रिय, उदार तथा प्रजा सेवक थे। उनकी 7 रानियां थीं, लेकिन पुत्र एक भी नहीं। अब वे अपने उत्तराधिकारी को लेकर परेशान रहने लगे। ज्योतिषियों के कहने के अनुसार उन्होंने भगवान भैरव की आराधना की और उन्हें प्रसन्न करने के बाद उनसे संतान सुख का वर मांगा। जिस पर भैरव ने कहा कि तुम्हारे नसीब में संतान का सुख है ही नहीं। चूंकि तुमने मुझे प्रसन्न किया है तो मैं ही पुत्र रूप में जन्म लूंगा लेकिन अब तुम्हें आठवीं शादी करनी होगी।

एक दिन राजा शिकार करने निकले और भटक गए। उन्हें प्यास लगी और तब उन्होंने अपने सैनिकों को कहा कि वे कहीं से भी पानी ढूंढ कर लाएं। जब काफी देर तक सैनिक नहीं लौटे तो वह खुद ढूंढने निकल पड़े। आखिर उन्हें एक तालाब दिखा, लेकिन देखा तो वहां उनके सैनिक बेहोश पड़े थे। लेकिन प्यास से बेचैन राजा पानी पीने की कोशिश करने लगे और तभी एक औरत की आवाज आई। उसने रुकने के लिए कहा और कहा कि यह तालाब मेरा है, मेरी हामी के बगैर यहां से कोई पानी नहीं पी सकता। तुम्हारे सैनिकों ने यही गलती की, परिणाम देख लो।

राजा उस औरत की खूबसूरती के कायल हो गए। उन्होंने अपना परिचय दिया और बताया कि ये मेरे सैनिक हैं। तुम कौन हो? और मेरे सौनिकों का यह हाल कैसे? उस औरत ने बताया कि मैं पंचदेव देवताओं की बहन कलिंगा हुं। आप यदि राजा हैं तो उन लड़ते हुए दो भैंसों को अलग कर दिखाओ तब मैं मानूंगी कि आप राजा हैं। राजा को समझ नहीं आया कि इन्हें कैसे छुड़ाया जाए। आखिरकार कलिंगा ने उन्हें अलग कर दिया। राज हैरान थे और इतने प्रभावित कि उनसे शादी का मन बना लिया। पंचदेवों ने मिल कर राजा से कलिंगा की शादी कर दिया।

जब बाकी रानियों ने उसे देखा तो सभी द्वेष करने लगीं। फिर एक दिन वह गर्भवती हुईं। सातों से यह बर्दाश्त कर पाना मुश्किल था और उसके गर्भ को खत्म करने की योजना बनाई। कलिंगा को डराया कि एक ज्योतिषी ने कहा है कि तुम्हें अपने बच्चे को पैदा होते ही देखना अच्छा नहीं है। इसलिए प्रसव के दौरान सौतों ने उसके आखों पर काली पट्टी बांध दी। जब कलिंगा का बच्चा हुआ तब उसे गायों के गौशाले में फेंक दिया, ताकि गायों के पैरों तले दब जाए और कलिंगा को बताया गया कि उसने पत्थर को जन्म दिया।

उधर गोशाले में बच्चे को खरोच तक नहीं आई और गायों ने उस बच्चे को अपना दूध पिलाकर जिंदा रखा। फिर बिच्छू से भरे घास के खेत में डाल दिया गया, नमक के ढेर में दबाया गया, लेकिन यह चीनी के ढेर में बदल गया। आखिरकार लोहे के संदुक में बच्चे को डालकर काली नदी में बहा दिया। सात दिन तथा सात रात के बाद वह संदुक गौरी घाट पर पंहुचा। जहां भाना नामक मछुआरे के जाल में वह फंस गया। उसने और उसकी पत्नी ने बच्चे को देखा तब उसके आखों में खुशी की चमक दिखी, क्योंकि उन्हें भी कोई बच्चा नहीं था। धीरे-धीरे बच्चे के अंदर अद्भुत शक्तियां विकसित होने लगीं। एक दिन बच्चे ने सपने में देखा कि उसकी मां कलिंगा रोते-बिलखते कह रही है कि तू मेरा पुत्र है। आजा मेरे पास बेटे औऱ इसी के साथ जन्म की सारी घटनाएं स्वप्न के जरिए दिखाई दे गई। एक दिन उस बालक ने अपने पिता से कहा कि मुझे एक घोड़ा चाहिए। गरीब मछुआरे के पास घोड़ा कहां से खरीद पाता, इसलिए उसने बढ़ई से काठ का घोड़ बनवाकर बच्चे को दे दिया। बच्चे ने अपने चमत्कारिक शक्ति से उस घोड़े में प्राण डाल दिए। एक दिन वह राजा झालुराई की राजधानी धूमाकोट पंहुचा, वहां एक तालाब के पास पहुंचकर अपने घोड़े को बांध कर आराम करने लगा। उसी जलाशय के पास ही सातों रानियां बात कर रही थीं कि किस तरह रानी कलिंगा के साथ षड़यंत्र कर उसके बच्चे को मारने की कोशिश की थी उन्होंने और कलिंगा को खून से लिपटा सिलबट्टा दिखाकर उसे धोखा दिया था। कुछ देर बाद वह अपने घोड़े को जलाशय के पास ले गया और रानियों को उसने किनारे हटने को कहा और कहने लगा कि मेरे घोडे़ को पानी पीना है। वे उसकी बाते सुन कर हंसने लगीं और कहने लगीं कि तू बेवकूफ है। काठ का घोड़ा भी भला पानी पी सकता है? जवाब में बच्चे ने कहा अगर कोई स्त्री सिलबट्टे को जन्म दे सकती है तो काठ का घोड़ा पानी क्यों नहीं पी सकता? यह सुनकर सभी रानियां हैरान थीं और राजा के पास जाकर उस बच्चे की शिकायतें करने लगीं। सैनिकों से उस बच्चे को पकड़वाया गया औऱ राजा के सामने लाया गया। राजा ने पूछा यह क्या बेवकूफी है। काठ का घोड़ा पानी कैसे पी सकता है? बालक ने जवाब दिया- महाराज जिस राजा के राज्य में स्त्री सिलबट्टे को जन्म दे सकती है तो यह काठ का घोड़ा भी पानी पी सकता है। तब उस बच्चे ने राजा को अपने जन्म की घटनाओं का वर्णन किया और कहा कि मेरी मां कलिंगा के साथ घोर अन्याय हुआ है और आप भी ठगे गए हैं। गुस्से से आग बबूले हुए राजा ने सातों रानियों को बंदीगृह में डाल दिया। तब सातों रानियां पश्चाताप करते हुए कलिंगा से माफी मांगने लगीं। तब उस बालक ने अपने पिता को समझा-बुझाकर उन्हें माफ कर देने का अनुरोध किया। अंत में राजा ने उन्हें दासियों के समान जीवन गुजारने के लिए छोड़ दिया। यही बालक बड़ा होकर ग्वेल, गोलज, बाला गोरिया गौर भैरव गोलू इत्यादि नामों से प्रसिद्ध हुआ।- शिव सिंह कैन्तुरा